×

अक्षय कुमार को बेहद पसंद है भारत की ये खूबसूरत जगह, देवी देवताओं का आशीर्वाद बरसता है यहां

 

लाइफस्टाईल न्यूज डेस्क।। हम सबकी तरह सेलेब्‍स को भी घूमने फिरने का शौक होता है। आए दिन हम उनकी यात्रा की तस्‍वीरें सोशल मीडिया पर देखते रहते हैं। कोई मालदीव के समुद्र की तस्‍वीरें पोस्‍ट करता है, तो कोई इटली और फ्रांस की प्राचीन ऐतिहासिक इमारतों की वीडियो पोस्‍ट करता है। वैसे, ज्यादातर सेलिब्रिटीज को विदेश यात्रा पसंद होती है। लेकिन बॉलीवुड के एक्टर अक्षय कुमार को भारत की एक जगह से काफी प्‍यार है।

मंदिरों का शहर है हम्‍पी

बात अगर हम्‍पी की करें, तो यह कनार्टक का छोटा सा शहर है। चूंकि, यहां मंदिर बहुत सारे हैं, इसलिए इसे मंदिरों का शहर भी कहते है। तुंगभद्रा नदी के किनारे बसा यह शहर विजय नगर साम्राज्य के अवशेषों का साक्षी है। यहां धार्मिकता और ऐतिहासिकता का संगम देखने को मिलता है। इस वातावरण में आकर ऐसा महसूस होता है कि मानो देवी देवताओं का आशीर्वाद साक्षात आप पर बरस रहा हो।

खूबसूरत शहर है हम्‍पी

हम्‍पी यूं ही अक्षय कुमार का फेवरेट डेस्टिनेशन नहीं है। यहां का प्राकृतिक सौंदर्य और वास्‍तुकला देखने लायक है। यह जगह ऐसी है कि यहां के खंडहरों में भी खूबसूरती झलकती है। हम्‍पी और इसके आसपास का ज्यादातर हिस्‍सा यूनेस्‍को भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीन है। यह एक वर्ल्‍ड हेरिटेज साइट भी है।

खुले स्‍मारकों वाला शहर हम्‍पी

हम्‍पी अपने वास्‍तु के लिए काफी मशहूर है। इसे एशिया का सबसे बड़ा खुले स्‍मारकों वाला शहर भी कहा जाता है। ठंड में छुट्टियां मनाने के लिहाज से यह जगह बहुत अच्‍छी है। अगर आप यहां जाना चाहते हैं, तो हर साल नवंबर में आयोजित होने वाले हम्‍पी उत्‍सव में जरूर हिस्‍सा लें।

धार्मिक आकर्षण हैं कई मंदिर

यहां का धार्मिक आकर्षण हैं मंदिर। दिलचस्प बात तो यह है कि यहां 500 से ज्‍यादा मंदिर हैं। विरुपाक्ष मंदिर सबसे ज्‍यादा प्रसिद्ध है। यह मंदिर भगवान शिव के एक रूप श्री विरुपाक्ष को समर्पित है। इसके अलावा आप यहां विजय विट्ठल, यंत्रोद्धारक हनुमान मंदिर, हेमकुट पहाड़ी मंदिर, कृष्ण मंदिर घूम सकते हैं।

हम्पी में घूमने की जगह

हम्‍पी में घूमने के लिए मंदिर के अलावा और भी बहुत सी जगह हैं। आप मतंगा, क्विन बाथ, आर्कियोलॉजिकल म्यूजियम, हम्पी बाजार घूमने जा सकते हैं।